मृत ग्रामीण पत्रकार के परिजनों को 5 लाख की सहायता मिले, आयुष्मान योजना का लाभ भी दिया जाए : संजय अस्थाना

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई को तेज किया

जौनपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह के आह्वान पर पूरे प्रदेश में सोमवार को एक साथ सभी जिला मुख्यालयों पर प्रातः 11 बजे जिलाधिकारी को 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। इसी क्रम में जौनपुर में भी जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना के नेतृत्व में भारी संख्या में पत्रकारों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों की समस्याओं को आवाज दी।

जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार बेहद विषम परिस्थितियों में आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुँचाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि—

प्राकृतिक आपदा या दुर्घटना में मृत ग्रामीण पत्रकार के परिजनों को किसान बीमा योजना की तर्ज पर 5 लाख रुपये की तत्काल सहायता मिले।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।

एसोसिएशन के लिये राज्य मुख्यालय लखनऊ में कार्यालय हेतु भवन का आवंटन किया जाए, जिससे सुदूर जिलों से आने वाले पत्रकारों को सुविधा मिल सके।

ग्रामीण पत्रकारों को भी मान्यता प्राप्त पत्रकारों की तरह आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जाए, ताकि उनका परिवार मुफ्त कैशलेश इलाज करा सके।

लंबे समय से कार्यरत 60 वर्षीय वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया जाए।

किसी ग्रामीण पत्रकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पहले राजपत्रित अधिकारी से जांच अनिवार्य हो, ताकि अनावश्यक उत्पीड़न रोका जा सके।

तहसील स्तर पर भी प्रशासनिक अफसरों और ग्रामीण पत्रकारों की नियमित बैठकें आयोजित की जाएँ।

संजय अस्थाना ने यह भी कहा कि जिले में फर्जी पत्रकारों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके लिये जिला स्तर पर स्थायी समिति गठित कर असली और फर्जी पत्रकारों की पहचान कर चिन्हित लोगों को नोटिस देकर तत्काल प्रभावी कार्यवाही हो।

 

इस अवसर पर प्रदीप पाण्डेय, दयाशंकर निगम, जय सिंह, निशांत सिंह,श्याम रतन श्रीवास्तव, गुलाब चन्द्र पाण्डेय, प्रमोद जायसवाल, राजकुमार सिंह, शशिराज सिन्हा, अरविंद मिश्रा, अर्चना मिश्रा, रोहित चौबे, देवेन्द्र खरे, जय प्रकाश मिश्रा, असलम खां सहित सैकड़ों पत्रकार उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here