पूर्व थानाध्यक्षों ने दलालों को रखा बाहर, जनता को दिया निष्पक्ष न्याय – नवागत थानाध्यक्ष से बड़ी उम्मीदें
रामपुर। थाना क्षेत्र की जनता आज भी पूर्व थानाध्यक्ष मनोज पांडेय, श्री प्रकाश शुक्ला और देवानंद रजक के कार्यकाल को याद करती है। इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में थाने से दलालों को दूर रखकर जनता को निष्पक्ष न्याय दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस दौरान दलालों की दाल नहीं गली और किसी निर्दोष को झूठे मुकदमे में नहीं फँसाया गया। पारदर्शिता और सख्ती का आलम यह था कि थाने का दरवाज़ा दलालों के लिए बंद और जनता के लिए हमेशा खुला रहा। जनता का मानना है कि ईमानदार और निष्पक्ष थानाध्यक्ष ही असली पुलिस की पहचान हैं। अब क्षेत्र की निगाहें नवागत थानाध्यक्ष विनोद कुमार पर टिकी हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी उनसे अपेक्षा की जा रही है कि वे पूर्व अधिकारियों की तरह पारदर्शिता, सख्ती और निष्पक्षता की नीति अपनाएँ। उच्चाधिकारियों का कहना है कि यदि विनोद कुमार दलालों पर अंकुश लगाकर जनता को न्याय देंगे तो उनका कार्यकाल भी आदर्श माना जाएगा। जनता और प्रशासन, दोनों को भरोसा है कि विनोद कुमार अपनी कार्यशैली से पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत करेंगे।